छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया
ने दिया खौफनाक अंजाम
🔵रायगढ़/ जल्दी और ज्यादा पैसा कमाने की अंधी हवस इंसानों को किस हद तक हैवान बना सकती है, इसकी रूह कंपा देने वाली वीभत्स घटना जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से सामने आई है। पैसों की चाहत में एक कलयुगी ममेरे भाई ने महज चार-पांच साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके शरीर के अंग तक निकाल लिए। इस लोमहर्षक वारदात ने पूरे इलाके को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर को थाने में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम के 5 नवंबर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित परिवार करीब एक साल पहले सन्ना में मजदूरी करने आया था और आमट चुआ नदी डेम के पास झोपड़ी में रह रहा था। खोजबीन करने पर पुलिस व परिजनों को पता चला कि गायब होने से ठीक पहले बच्चे को प्रार्थी के ममेरे भाई बासुदेव उर्फ टंगनू (27) के साथ खेत की झोपड़ी की तरफ जाते देखा गया था।
शक के आधार पर पुलिस ने जब आरोपी बासुदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने जो राज खोले उसे सुनकर पुलिसवालों के भी होश उड़ गए। आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से असंतुष्ट था और इंटरनेट व सोशल मीडिया के जरिए रातों-रात अमीर बनना चाहता था। इसी खौफनाक सनक के तहत उसे सोशल मीडिया पर मानव अंग बेचने का ख्याल आया और उसने 5 नवंबर की सुबह मासूम को घुमाने के बहाने बहला-फुसला कर गुलाम अंसारी के खेत की झोपड़ी में ले गया। इसके बाद वह बच्चे को महा नदी डेम के पास ले गया फिर सन्ना खुटाटांगा से शराब व मुर्गा खरीदकर खुद भी खाया तथा मासूम को भी जबरन शराब पिलाई।
नशे में जब मासूम गहरी नींद में सो गया, तब इस दरिंदे ने अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। क्रूरता की हदें यहीं नहीं खत्म हुईं; इसके बाद आरोपी ने बच्चे का सीना और पेट काटा तथा उसकी किडनी, फेफड़े व आंख निकाल कर एक प्लास्टिक की बाल्टी में भर दिए। वारदात को छिपाने के लिए उसने मासूम के शव को कंबल और गोदड़ी में लपेटकर बोरी में भरा तथा खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी के नीचे दबा दिया। वहीं हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और अंगों से भरी बाल्टी को बांस झाड़ के पास छिपाकर रख दिया था।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसकी निशानदेही से मासूम का क्षत-विक्षत शव, हत्या में प्रयुक्त हथियार व निकाले गए अंग बरामद कर लिए।
थाना सन्ना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(1)(बी), 103(1) एवं 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस जघन्य हत्याकांड ने इंटरनेट के दुरुपयोग और बच्चों की सुरक्षा को लेकर समाज के सामने एक गंभीर और डरावना सवाल खड़ा कर दिया है
🔴रमेश पत्रकार 94252 52176🔴




