छत्तीसगढ़ में वन जीवों की जान से
खिलवाड़, रुकने का नाम नहीं ले रहा
🔵रायगढ़/ छत्तीसगढ़ में बेजुबानों एवं निरीह पशुओं को मारने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा । ताजा मामला सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले का है जहां बिजली का तार बिछा कर दो जंगली सांभर की हत्या कर दी गई । वन विभाग ने मामले में त्वरित व सख्त कार्रवाई करते हुए शिकारियों को धर दबोचा और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जेल भेज दिया। मृत सांभर में से एक का मांस पका कर खाने या उसे बेचने की आशंका व्यक्त की जा रही है !
जानकारी के मुताबिक, शातिर शिकारियों ने वन्य जीवों के मांस और लालच के चलते जंगल की सीमा और खेतों के आसपास मौत का जाल फैला रखा था। 11 KV की हाई-वोल्टेज लाइन या घरेलू बिजली सप्लाई से अवैध रूप से नंगे जीआई तार जोड़कर करंट प्रवाहित किया गया था। रात या तड़के सुबह के वक्त जब भोजन व पानी की तलाश में ये दोनों सांभर जंगल से बाहर निकले, तो वे इस जानलेवा करंट की चपेट में आ गए। हाई-वोल्टेज शॉक लगने से दोनों मूक वन्यजीवों की तड़प-तड़प कर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी करतूत पर पर्दा डालने और सबूत मिटाने की फिराक में थे। उन्होंने पकड़े जाने के डर से सांभरों के शवों को तुरंत वहां से हटाकर छिपा दिया था। हालांकि, वन विभाग की पेट्रोलिंग टीम और मुखबिरों ने मामले की भनक लगते ही उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया था ।
विभाग ने विशेष डॉग स्क्वाड और स्थानीय अमले की मदद से सोड़का व आसपास के संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की ओर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया जिनके पास से शिकार किए गए सांभरों के मांस के टुकड़े ,अवैध जीआई तार, खूंटियां और हुकिंग टूल्स बरामद कर लिए गए। सबूत हाथ लगते ही आरोपियों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं रह गया था।
वन विभाग ने इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए गिरफ्तार स्थानीय आरोपियों पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की गैर-जमानती और संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस गंभीर घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र के अधिकारियों और वन मंडलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि जंगलों में अवैध करंट दौड़ाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारियों ने इस बात पर भी गहरी चिंता जताई है कि खेतों में बिछाए जाने वाले ये अवैध नंगे तार सिर्फ वन्यजीवों के लिए ही नहीं, बल्कि रात के वक्त खेतों की रखवाली करने या सिंचाई के लिए जाने वाले आम किसानों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन गये हैं ।हाल ही में जिले के छर्रा गाँव में इसी तरह की लापरवाही से एक किसान की जान जा चुकी है ।
इस तरह की वारदातों पर लगाम कसने के लिए अब वन अमला और विद्युत विभाग संयुक्त रूप से एक्शन मोड में आ गए हैं। बिलाईगढ़ और सोड़का बेल्ट के संवेदनशील ग्रामीण इलाकों में रात के वक्त औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। ट्रांसफार्मर या बिजली पोल से अवैध हुकिंग करने वालों को चिन्हित कर उन पर बिजली चोरी के साथ-साथ आपराधिक मुकदमे दर्ज करने की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
🔴रमेश पत्रकार 94252 52176🔴




