दोनों का मोबाइल व 15 सौ रुपए
लेकर लुटेरे युवक हुए नौ दो ग्यारह
रायगढ़ शहर में इन दिनों बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कानून का डर पूरी तरह से खत्म होता नजर आ रहा है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लोकप्रिय पर्यटन स्थल केलो डैम के पास एक बार फिर अपराधियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। गर्ल फ्रेंड के साथ घूमने गए एक युवक को बदमाशों ने न केवल धमकाया, बल्कि उससे नकदी और मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए। शहर में पिछले 10 दिनों के भीतर लूट की यह चौथी बड़ी घटना है, और हैरानी की बात यह है कि पुलिस अब तक एक भी मामले में मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। मिली जानकारी के मुताबिक, जोगीडीपा निवासी सोनू सारथी अपनी गर्ल फ्रेंड के साथ रविवार की शाम करीब साढ़े 6 बजे अपनी बुलेट बाइक (क्रमांक CG 13 BA 4613) से केलो डैम घूमने गया था एक घंटा डैम परिसर में बिताने के बाद जब वे वापस लौटने लगे, तब रास्ते में तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और युवक को डराते-धमकाते हुए कहा, “लड़की को लेकर यहां क्या कर रहा है?” इसके बाद आरोपियों ने डरा-धमकाकर सोनू की जेब में रखे 1500 रुपये नकद और दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए और मौके से फरार हो गए। डरे-सहमे पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सोनू सारथी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 115(2), 309(4), और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। केलो डैम की यह घटना कोई इकलौती मिसाल नहीं है, पिछले 10 दिनों में शहर में लूट की एक के बाद एक चार बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन एक भी मामले में पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिली सबसे बड़ी दुस्साहसिक वारदात शहर के व्यस्त माने जाने वाले स्टेडियम के पास हुई जिसमें बदमाशों ने एक महिला से चाकू की नोक पर करीब साढ़े पांच लाख रुपये के जेवर लूट लिए थे। इस सनसनीखेज वारदात को 10 दिन से भी अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक लुटेरों का सुराग तक नहीं ढूंढ पाई है। लगातार हो रही इन वारदातों को देखते हुए लोगों ने एस एस पी शशि मोहन सिंह से अपराधियों को जल्द पकड़ जाने की उम्मीद जताई है
*🔴रमेश पत्रकार 94252 52176*




