
रायगढ़ की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच
पर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान !
🔵रायगढ़/ राजधानी नई दिल्ली के प्रतिष्ठित विज्ञान भवन में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन एवं शोध संगोष्ठी में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। विश्व हिंदी परिषद के तत्वावधान में हुए इस भव्य आयोजन में रायगढ़ से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुईं राज्यपाल से पुरस्कृत एवं विश्व हिंदी परिषद रायगढ़ की संयोजक डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने अपने उत्कृष्ट शोध आलेख के बल पर एक नया और गौरवशाली कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस गरिमामयी आयोजन में देश-विदेश से पहुंचे 139 शोधार्थियों और प्रतिभागियों के बीच कड़ी बौद्धिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिनमें से चुने गए 21 श्रेष्ठ शोध आलेखों में डॉ. मनीषा त्रिपाठी के आलेख ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। जैसे ही उनके शोध आलेख का वाचन संपन्न हुआ, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी इस अकादमिक उपलब्धि की गूंज मंच पर बैठे देश के तमाम दिग्गजों तक पहुँची, जिन्होंने मुक्तकंठ से उनकी सराहना की।

सम्मेलन की गरिमा बढ़ाने वाले अतिविशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय समन्वयक विश्व हिंदी परिषद एवं पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के डॉ. श्रवण कुमार, विदेश एवं वित्त मंत्रालय भारत सरकार से जुड़े विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन कुमार, विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष एवं लोक-संपर्क निदेशक प्रोफेसर महासिंह पूनिया, श्रीलंका हिंदी संस्थान की संस्थापक-निदेशक व स्वामी विवेकानंद केंद्र कोलंबो की सुश्री अथिला कोतवाल, तथा बिहार विधान परिषद के सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री संजय पासवान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इन सभी प्रतिष्ठित वक्ताओं ने डॉ. त्रिपाठी के शोध की गहराई और उसकी प्रस्तुति शैली की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल उरांव, आईएएस डॉ. अशोक कुमार भार्गव, और राष्ट्रीय तकनीकी प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र के प्राध्यापक व वैज्ञानिक डॉ. पी.के. पुरोहित मंचासीन रहे। इन्हीं गणमान्य अतिथियों के कर-कमलों द्वारा डॉ. मनीषा त्रिपाठी को प्रशस्ति-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच से एक बार फिर उनकी इस सफलता को रेखांकित करते हुए उन्हें उत्तरोत्तर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने शुभकामनाएं दी गईं।
इस राष्ट्रीय पटल पर रायगढ़ का मान बढ़ाने वाली स्वर्णिम उपलब्धि पर पूरे अंचल में हर्ष और उल्लास का माहौल है। इस सफलता पर इष्ट-मित्रों, स्नेहीजनों के साथ-साथ वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन और कर्मचारी- अधिकारी फेडरेशन सहित सामाजिक संगठनों ने डॉ. मनीषा त्रिपाठी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
🔴रमेश पत्रकार 94252 52176🔴



