♦️शासकीय राशन दुकानों में चोरी♦️
♦️का हुआ पर्दाफाश पांच गिरफ्तार♦️
*♦रायगढ़/*छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने ऐसी तकनीकी सूझबूझ वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है, जो राज्य में अपराध नियंत्रण के इतिहास में एक नया मील का पत्थर साबित हो सकती है। संभवतः छत्तीसगढ़ में यह पहला ऐसा अनूठा मामला है, जहां पुलिस ने पारंपरिक तरीकों से हटकर ‘आधुनिक तकनीक’ (GPS Tracker) का उपयोग से शातिर चोरों को पकड़ा जो शासकीय उचित मूल्य दुकानों (राशन दुकानों) को निशाना बना कर शक्कर चावल की चोरी करते थे पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार कर 38 लाख 60 हजार की संपत्ति जब्त की है।
रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार विभिन्न गांवों की शासकीय राशन दुकानों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे तेज रफ्तार लग्जरी वाहनों (क्रेटा और इनोवा) से आते थे और रात के वक्त राशन दुकानों का ताला तोड़कर चावल और शक्कर की बोरियां पार कर देते थे। सोसायटी संचालकों की लगातार शिकायतों और बढ़ती वारदातों को गंभीरता से लेते हुए, एस एस पी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुसौर थाना प्रभारी हर्ष वर्धन सिंह ने एक विशेष रणनीति बनाई।

उन्होंने दुकान संचालकों की बैठक लेकर सीसीटीवी के साथ जी पी एस ट्रैकर का इस्तेमाल करने की सलाह दी। पुलिस और दुकानदारों के विश्लेषण में यह बात सामने आई थी कि चोर सबसे पहले शक्कर की बोरियों पर हाथ साफ करते हैं। इसी रणनीति के तहत एक शक्कर की बोरी में चुपचाप जीपीएस ट्रैकर छिपाकर रख दिया गया।25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात जब कोतमरा गांव की राशन दुकान का ताला टूटा, तो चोरों ने अनजाने में ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी को भी अपनी गाड़ी में लोड कर लिया। चोरों को यह अंदाज़ा नहीं था कि वे जिस माल को चुरा रहे हैं, वह पल-पल अपनी लोकेशन पुलिस तक पहुंचा रहा है।

*_क्रेटा व इनोवा कार में करते थे चोरी_*
चोरी की सूचना मिलते ही थाना पुसौर में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी ने तत्काल घरघोड़ा थाना और रैरूमाखुर्द चौकी की संयुक्त टीमों के साथ जीपी एस ट्रैकर के लाइव सिग्लन का पीछा करना शुरू किया। ट्रैकर के जरिए मिले सटीक लोकेशन का पीछा करते हुए पुलिस टीम सीधे पत्थलगांव जा पहुंची, जहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के ठिकाने पर वह ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी बरामद हुई । कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास के क्षेत्रों से गिरोह के अन्य सदस्यों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी का राशन व वारदात में प्रयुक्त गाड़ियां बरामद की हैं उनके पास से कुल 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर अनुमानित कीमत तीन लाख 60 हजार एवं चोरी में प्रयुक्त क्रेटा और इनोवा कार जिसकी कीमत 35 लाख रुपए के करीब होगी कुल 38.60 लाख की संपति जप्त की गई।

आरोपियों के खिलाफ बी एन एस की धाराओं 317 (4), 111, 3(5) आदि) के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में सेवाल कुजूर (52 वर्ष) – निवासी कोतबा (जशपुर), हाल मुकाम – मुड़ापारा, पत्थलगांव। समीर आलम (26 वर्ष) निवासी कनक पुर, रामानुजगंज (बलरामपुर)। मोहम्मद हफीज 26 वर्ष निवासी शांतिनगर तिलडेगा,पत्थलगांव जशपुर संतोष कुमार माहेश्वरी (33 वर्ष) निवासी गोढ़ीकेला, पत्थलगांव (जशपुर)। डमरूधर खूंटे 36 वर्ष निवासी गोढ़ीकेला, पत्थलगांव (जशपुर) शामिल हैं ।
*_एसएसपी ने की पुलिस की सराहना_*
“शासकीय राशन दुकानों पर हो रही चोरियों का रायगढ़ पुलिस ने बेहद सूझबूझ और आधुनिक तकनीक के सहारे पर्दाफाश किया है। छत्तीसगढ़ में इस तरह जीपीएस ट्रैकर की मदद से संगठित गिरोह को पकड़ने का यह एक अनूठा और सफल मामला है। इस संपूर्ण और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के सुपरविजन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, थाना प्रभारी घरघोड़ा कुमार गौरव साहू, चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द इगेश्वर यादव, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, तथा प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों की टीम की अहम और सराहनीय भूमिका रही है।
🔴रमेश पत्रकार 94252 52176🔴




