
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 34 लाख
की ठगी से खरीदी नेक्सॉन कार
🔵रायगढ़ / छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने इंदौर के रईस खान को गिरफ्तार किया है। जिसे रायगढ़ लाया गया है।उसके पास से टाटा नेक्सॉन कार, एक लैपटॉप, 3 मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड तथा 1 लाख 40 हजार के लगभग नकद रकम जब्त की गई है।
पिछले दिनों रायगढ़ के डाक्टर दिलीप कुमार मिश्रा के साथ शेयर ट्रेडिंग के नाम पर हुई 34 लाख
17 हजार की ठगी के मामले में उसकी तलाश की जा रही थी इस गिरोह के तीन सदस्य पहले ही पकड़े जा चुके हैं जिनमें दो महिला है जिनसे की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने गिरोह के आरोपी रईस खान को इंदौर के कावेरी परिसर से पकड़ा। जिसने बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से इंदौर में रहकर शेयर मार्केट में एडवाइजरी का काम कर रहा था। मुंबई मुख्यालय वाली एक शेयर मार्केट ब्रोकिंग कंपनी में सब-ब्रोकर के रूप में कार्य करते हुए वह अपने साथी के साथ ट्रेडिंग अकाउंट में पैसा लगाकर अधिक लाभ प्राप्त करने का प्रलोभन देकर लोगों को निवेश कराता था।
एडवाइजरी के काम में उपयोग के लिए उसे कई मोबाइल सिम कार्ड की आवश्यकता होती थी, जिसके लिए उसने तरुण नागर से करीब 100 से 150 सिम खरीदे थे। इन्हीं मोबाइल नंबरों का लोगों से डीमैट अकाउंट खुलवाने और ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कराने में किया जाता था। रईस खान ने रायगढ़ के डॉक्टर दिलीप मिश्रा को 24 जून 2025 को चार बार फोन कर डीमैट अकाउंट खुलवाने और शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ दिलाने का प्रलोभन दिया था। उसके झांसे में आकर डॉक्टर ने विभिन्न बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की थी। उसने स्वीकार किया कि इसी तरह अन्य लोगों को ठगी का शिकार बनाकर नवंबर 2025 में टाटा नेक्सॉन कार सहित मोबाइल और लैपटॉप खरीदे थे। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, निरीक्षक विमल राय, आरक्षक पुष्पेन्द्र जाटवर, धर्मेन्द्र सिंह, जितेन्द्र कुर्रे, विकास प्रधान तथा महिला आरक्षक जयलक्ष्मी एवं मनीषा साहू की अहम भूमिका रही।
🔴रमेश पत्रकार 94252 52176🔴



