
रायगढ़ स्पीड न्यूज 16.9.26 छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के रामभांठा क्षेत्र में हुए 16 वर्षीय किशोर के अंधे कत्ल की गुत्थी को कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। यह पूरा मामला एकतरफा प्यार और ‘लव ट्रायंगल’ से जुड़ा हुआ निकला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही उनके पास से मृतक का मोबाइल और रक्तरंजित कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो (रामभांठा) स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक किशोर का शव संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक के पिता (जो मूलतः लैलूंगा के ग्राम घटगांव के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से रामभांठा में रह रहे हैं) ने शव की शिनाख्त अपने 16 वर्षीय बेटे के रूप में की। परिजनों ने बताया कि उनका बेटा 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

लव ट्रायंगल बना हत्या की वजह
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों से पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आया कि घटना की रात मृतक को बैकुंठपुर निवासी 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ देखा गया था। पुलिस ने दोनों संदेही युवकों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि 14 सितंबर को वे रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने गए थे, जहां किशोर एक परिचित लड़की के साथ मौजूद था। आरोपी शिवम बानी उस लड़की से एकतरफा प्यार करता था। किशोर को उस लड़की के साथ देखना शिवम बानी को नागवार गुजरा।
मोबाइल छीनकर मांगे 1,000 रुपये, फिर पत्थरों से कुचलकर मार डाला
योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने किशोर को रामलीला मैदान के पास बुलाया। बदमाश प्रवृत्ति के शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने पास रख लिया और उसे वापस करने के एवज में 1,000 रुपये की मांग की। इसके बाद दोनों किशोर को पुराने बस डिपो के पास सुनसान जगह पर ले गए, जहां लड़की से मिलने-जुलने को लेकर विवाद बढ़ा और दोनों ने मिलकर पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
हत्या के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल और घटना के समय उनके द्वारा पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर ले जाकर आरोपियों से क्राइम सीन का रिकंस्ट्रक्शन (अपराध स्थल का पुनर्निर्माण) भी कराया। मुख्य आरोपी शिवम बरेठ आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है, जिसके खिलाफ थाने में पहले से भी मारपीट के कई अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश
“कानून अपने हाथ में लेने और हिंसा का सहारा लेने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई सख्त और प्रभावी रहेगी। हत्या जैसे गंभीर अपराध में त्वरित विवेचना, साक्ष्य संकलन और आरोपियों की गिरफ्तारी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
थाना प्रभारी अमित तिवारी की रही अहम भूमिका
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु कुमार देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर, आरक्षक कमलेश यादव, हरेन्द्र जगत, जितेन्द्र दुबे, सत्या यादव और कोमल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




