
Last Updated:August 26, 2026, 10:49 IST
अमृतसर में 21 अगस्त को हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. अमृतसर देहाती पुलिस और एसआईटी ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर वारदात में शामिल दो हमलावरों को धर दबोचा है. इसके साथ ही प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े आतंकी हैप्पी पशियां की मां सुखविंदर कौर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.

जांच में सामने आया है कि ग्रेनेड की तस्करी पाकिस्तान से की गई थी. (सांकेतिक तस्वीर)
पंजाब के अमृतसर में सीमावर्ती थाना रमदास क्षेत्र के एक गांव में 21 अगस्त को हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अमृतसर देहाती पुलिस और स्टेट इन्वेस्टिगेशन टीम के संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस ने ग्रेनेड फेंकने वाले दो युवकों के साथ बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े आतंकी हैप्पी पशियां की मां सुखविंदर कौर को गिरफ्तार किया है. वहीं, हैप्पी पशियां की बहन किरनदीप कौर अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है.
बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया है कि इस हमले की साजिश सिंगापुर में बैठे हैप्पी पशियां के करीबी सैंडी ने कथित तौर पर रची थी. पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले युवकों को पैसों का लालच देकर तैयार किया गया था.
30 हजार रुपये लेकर ग्रेनेड फेंका
पुलिस ने जिन दो युवकों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान जगरूप सिंह और विश्वासप्रीत सिंह के रूप में हुई है. दोनों 12वीं तक पढ़े हैं और बेरोजगार बताए जा रहे हैं. दोनों धारोवाली स्कूल में साथ पढ़ते थे. पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों को ग्रेनेड हमला करने के लिए 1 लाख रुपये देने का सौदा हुआ था. हालांकि, वारदात से पहले उन्हें कथित तौर पर सिर्फ 30 हजार रुपये दिए गए थे. पुलिस का कहना है कि दोनों ने YouTube पर वीडियो देखकर ग्रेनेड की पिन निकालने और उसे फेंकने का तरीका सीखा.
गांव की पुरानी सरपंची रंजिश भी सामने आई
जांच में इस हमले के पीछे स्थानीय स्तर की पुरानी रंजिश का एंगल भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार, पशियां और जिस गांव में हमला हुआ, वे आसपास के इलाके में हैं. दोनों पक्षों के बीच चुनाव और गांव में वर्चस्व को लेकर करीब 3-4 साल से सरपंची की रंजिश चल रही थी. पुलिस के मुताबिक, ग्रेनेड हमले से करीब 3-4 दिन पहले पीड़ित पक्ष और हैप्पी पशियां की बहन किरनदीप कौर के बीच विवाद हुआ था. इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई थी. इसके बाद कथित तौर पर सुखविंदर कौर, किरनदीप कौर और सिंगापुर में मौजूद सैंडी ने मिलकर हमले की साजिश रची.
पाकिस्तान से स्मगलिंग के जरिए पहुंचे ग्रेनेड
पुलिस की अब तक की जांच में यह भी सामने आया है कि हमले में इस्तेमाल किए गए ग्रेनेड पाकिस्तान से तस्करी के जरिए भारत लाए गए थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ग्रेनेड की सप्लाई किस नेटवर्क के जरिए हुई और सीमा पार से इसे भारत तक पहुंचाने में कौन-कौन लोग शामिल थे. पुलिस ने जगरूप सिंह, विश्वासप्रीत सिंह और सुखविंदर कौर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से हमले की साजिश, ग्रेनेड की सप्लाई और सीमा पार नेटवर्क को लेकर पूछताछ करेगी.
सिंगापुर में बैठे सैंडी पर भी शिकंजे की तैयारी
पुलिस के मुताबिक, सिंगापुर में मौजूद मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे सैंडी को भारत लाने के लिए एक्सट्रेडिशन की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं, फरार किरनदीप कौर की तलाश में भी पुलिस की टीमें जुटी हैं. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस हमले के पीछे सिर्फ स्थानीय रंजिश थी या इसके तार किसी बड़े आतंकी नेटवर्क से भी जुड़े हुए हैं. साथ ही पाकिस्तान से ग्रेनेड की सप्लाई और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
About the Author
चमन पलानियाDeputy Principal Video Journalist
चमन पलानिया न्यूज 18 इंडिया चंडीगढ़ ब्यूरो में 2007 से कार्यरत हैं. वह एक मल्टीमीडिया और बहुभाषी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 18 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्हें उत्तर भारत म…
और पढ़ेंLocation :
Amritsar,Punjab
First Published :
August 26, 2026, 10:49 IST




